Sunday, 31 December 2017

ग़ज़ल : शिल्प और संरचना

[ग़ज़ल : शिल्प और संरचना] - प्राण शर्मा

(मतला, मक़ता, काफ़िया और रदीफ़)

ग़ज़ल में शब्द के सही तौल, वज़न और उच्चारण की भाँति काफ़िया और रदीफ़ का महत्व भी अत्यधिक है। काफ़िया के तुक (अन्त्यानुप्रास) और उसके बाद आने वाले शब्द या शब्दों को रदीफ़ कहते है। काफ़िया बदलता है किन्तु रदीफ़ नहीं बदलती है। उसका रूप जस का तस रहता है।

जितने गिले हैंसारे मुँह से निकाल डालो

रखो न दिल में प्यारे मुँह से निकाल डालो। - बहादुर शाह ज़फर

इस मतले में 'सारे' और ’प्यारे’ काफ़िया है और 'मुँह से निकाल डालो' रदीफ़ है। यहां यह बतलाना उचित है कि ग़ज़ल के प्रारंभिक शेर को मतला और अंतिम शेर को मकता कहते हैं। मतला के दोनों मिसरों में तुक एक जैसी आती है और मकता में कवि का नाम या उपनाम रहता है। मतला का अर्थ है उदय और मकता का अर्थ है अस्त। उर्दू ग़ज़ल के नियमानुसार ग़ज़ल में मतला और मक़ता का होना अनिवार्य है वरना ग़ज़ल अधूरी मानी जाती है। लेकिन आज-कल ग़ज़लकार मकता के परम्परागत नियम को नहीं मानते है और इसके बिना ही ग़ज़ल कहते हैं। कुछेक कवि मतला के बगैर भी ग़ज़ल लिखते हैं लेकिन बात नहीं बनती है; क्योंकि गज़ल में मकता हो या न हो, मतला का होना लाज़मी है जैसे गीत में मुखड़ा। गायक को भी तो सुर बाँधने के लिए गीत के मुखड़े की भाँति मतला की आवश्यकता पड़ती ही है। ग़ज़ल में दो मतले हों तो दूसरे मतले को 'हुस्नेमतला' कहा जाता है। शेर का पहला मिसरा 'ऊला' और दूसरा मिसरा 'सानी' कहलाता है। दो काफ़िए वाले शेर को 'जू काफ़िया' कहते हैं।

शेर में काफिया का सही निर्वाह करने के लिए उससे सम्बद्ध कुछ एक मोटे-मोटे नियम हैं जिनको जानना या समझना कवि के लिए अत्यावश्यक हैं. दो मिसरों से मतला बनता है जैसे दो पंक्तिओं से दोहा. मतला के दोनों मिसरों में एक जैसा काफिया यानि तुक का इस्तेमाल किया जाता है. मतला के पहले मिसरा में यदि "सजाता" काफिया है तो मतले के दूसरे मिसरा में "लुभाता", "जगाता" या "उठाता" काफिया इस्तेमाल होता है. ग़ज़ल के अन्य शेर "बुलाता", "हटाता", "सुनाता" आदि काफिओं पर ही चलेंगे. मतला में "आता", "जाता", "पाता", "खाता","मुस्काता", "लहराता" आदि काफिये भी इस्तेमाल हो सकते हैं लेकिन ये बहर या छंद पर निर्भर है. निम्नलिखित बहर में की ग़ज़ल में "आता", "जाता", "मुस्कराता" आदि काफिये तो इस्तेमाल हो सकते हैं लेकिन "मुस्काता", "लहराता" आदि काफिये नहीं.

हम कहाँ उनको याद आते हैं

भूलने वाले भूल जाते हैं

मुस्कराहट हमारी देखते हो

हम तो गम में भी मुस्कराते हैं

झूठ का क्यों न बोल बाला हो

लोग सच का गला दबाते हैं - प्राण शर्मा

उर्दू शायरी में एक छूट है वो ये कि मतला के पहले मिसरा में "आता" और दूसरे में "लाया" काफियों का इस्तेमाल किया जा सकता है. मसलन--

वो यूँ बाहर जाता है

गोया घर का सताया है

लेकिन एक बंदिश भी है जिसका मैंने ऊपर उल्लेख किया है कि मतला के पहले मिसरा में "आता" और दूसरे मिसरा में "जाता" काफिये प्रयुक्त हुए हैं तो पूरी ग़ज़ल में समान ध्वनियों के शाब्द -खाता ,भाता, लाता आते हैं. इस हालत में "आता" के साथ "लाया" काफिया बाँधना ग़लत है. इसके अतिरिक्त ध्वनी या स्वर भिन्नता के कारण "कहा" के साथ "वहां", "ठाठ" के साथ "गाँठ", "ज़ोर" के साथ "तौर" काफिये इस्तेमाल करना दोषपूर्ण है.

अभिव्यक्ति की अपूर्णता, अस्वाभाविकता, छंद-अनभिज्ञता और शब्दों के ग़लत वज़्नों के दोषों की भांति हिन्दी की कुछेक गज़लों के काफियों और रदीफों के अशुद्ध प्रयोग भी मिलते हैं. जैसे-

आदमी की भीड़ में तनहा खडा है आदमी

आज बंजारा बना फिरता यहाँ हैं आदमी - राधे श्याम

राधे श्याम के शेर का दूसरा मिसरा "यहाँ" अनुनासिक होने के कारण अनुपयुक्त है.

ख़ुद से रूठे हैं हम लोग

जिनकी मूठें हैं हम लोग - शेर जंग गर्ग

दुनिया जिसे कहते हैं जादू का खिलौना है

खो जाए तो मिटटी है मिल जाए तो सोना है -निदा फाजली

इस शेर में "खिलौना" और "सोना" में आयी "औ" और "ओ" की ध्वनी में अन्तर है.

बंद जीवन युगों में टूटा है

बाँध को टूटना था टूटा है -त्रिलोचन

अपने दिल में ही रख प्यारे तू सच का खाता

सब के सब बेशर्म यहाँ पर कोई शर्म नहीं खाता -भवानी शंकर

फ़िक्र कुछ इसकी कीजिये यारो

आदमी किस तरह जिए यारो -विद्या सागर शर्मा

उपर्युक्त तीनों शेरों में "टूटा", "खाता" और "जिए" की पुनरावृति का दोष है. एक मतला है-

जिंदगी तुझ से सिमटना मेरी मजबूरी थी

अज़ल से भी तो लिपटना मेरी मजबूरी थी -कैलाश गुरु "स्वामी"

"सिमटना" और "लिपटना" में आए "मटना" और "पटना" काफिये हैं. आगे के शेरों में भी इनकी ध्वनियों -कटना, पलटना जैसे काफिये आने चाहिए थे लेकिन कैलाश गुरु "स्वामी" के अन्य शेर में "जलना" का ग़लत इस्तेमाल किया गया है. पढिये-

ये अलग बात तू शर्मिदगी से डूब गया

मैं इक चिराग था जलना मेरी मजबूरी थी

काफ़िया तो शुरू से ही हिंदी काव्य का अंग रहा है। रदी़फ भारतेंदु युग के आस-पास प्रयोग में आने लगी थी। हिंदी के किस कवि ने इसका प्रयोग सबसे पहले किया था, इसके बारे में कहना कठिन है। वस्तुतः वह फ़ारसी से उर्दू और उर्दू से हिंदी में आया। इसकी खूबसूरती से भारतेंदु हरिश्चंद्र, दीन दयाल जी, नाथूराम शर्मा शंकर, अयोध्या सिंह उपाध्याय, मैथलीशरण गुप्त, सूयर्कान्त त्रिपाठी 'निराला', हरिवंशराय बच्चन आदि कवि इसकी ओर आकर्षित हुए बिना नहीं रह सके। फलस्वरूप उन्होंने इसका प्रयोग करके हिंदी काव्य सौंदर्य में वृद्धि की। उर्दू शायरी के मिज़ाज़ को अच्छी तरह समझनेवाले हिंदी कवियों में राम नरेश त्रिपाठी का नाम उल्लेखनीय है। उर्दू की मशहूर बहर 'मफ़ऊल फ़ाइलातुन मफ़ऊल फ़ाइलातुन' (सारे जहां से अच्छा हिंदोस्तां हमारा) में बड़ी सुंदरता से प्रयोग की गई है। उनकी 'स्वदेश गीत' और 'अन्वेषण' कविताओं में 'में' की छोटी रदी़फ की छवि दर्शनीय है-

जब तक रहे फड़कती नस एक भी बदन में

हो रक्त बूँद भर भी जब तक हमारे तन में

मैं ढूँढता तुझे था जब कुंज और वन में

तू खोजता मुझे था तब दीन के वतन में

तू आह बन किसी की मुझको पुकारता था

मैं था तुझे बुलाता संगीत में भजन में

यहाँ पर यह बतलाना आवश्यक है कि रदी़फ की खूबसूरती उसके चंद शब्दों में ही निहित है. शब्दों की लंबी रदी़फ काफ़िया की प्रभावोत्पादकता में बाधक तो बनती ही है, साथ ही शेर की सादगी पर बोझ हो जाती है। इसके अलावा ग़ज़ल में रदी़फ के रूप को बदलना बिल्कुल वैसा ही है जैसे कोई फूलदान में असली गुलाब की कली के साथ कागज़ की कली रख दे। गिरजानंद 'आकुल' का मतला है-

इतना चले हैं वो तेज़ सुध-बुध बिसार कर

आए हैं लौट-लौट के अपने ही द्वार पर

यहां 'बिसार' और 'द्वार' काफ़िए हैं उनकी रदी़फ है- 'कर'। चूँकि रदीफ बदलती नहीं है इसलिए अंतिम शेर तक 'कर' का ही रूप बना रहना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ग़ज़लकार ने काफ़िया के साथ-साथ 'कर' रदीफ को दूसरे मिसरे में 'पर' में बदल दिया है।

दुष्यंत कुमार का मतला है -

मेरे गीत तुम्हारे पास सहारा पाने आएंगे

मेरे बाद तुम्हें ये मेरी याद दिलाने आएंगे

यहां 'पाने' और 'दिलाने' काफ़िए है; और उनकी रदीफ है- 'आएंगे'। ग़ज़ल के अन्य शेर में 'आएंगे' के स्थान पर 'जाएंगे' रदीफ का इस्तेमाल करना सरासर ग़लत है।

Wednesday, 27 December 2017

प्रशासनिक पक्षपात; योगी की पुलिसिया


------------
"तुम्हारी फाइलों में गाँव का मौसम गुलाबी है 
मगर ये आंकड़े झूठे हैं ये दावा किताबी है,

उधर जम्हूरियत का ढोल पीते जा रहे हैं वो 
इधर परदे के पीछे बर्बरीयत है ,नवाबी है"

...उपर्युक्त पँक्ति स्व.अदम गोंडवी जी ने कई वर्षों पहले में लिखी थी। जो कि अनंत सत्य भी है और सम्भवतः रहे भी। जो आँकड़े सरकारी पन्नों में रहते आएँ हैं यदि सही में हकीक़त की जमीन पर हो तो स्थितियाँ दूसरी होंगी।

मैं बिल्कुल भी जातिवादी व्यक्ति नहीं हूँ। लेकिन मुद्दों पर बिना इसकी लाज किए मुखर होकर लिखना जनता हूँ।
      
    (1)
       प्रकरण है हमारे गृह जनपद चन्दौली का। जो कि केंद्र सरकार के वर्तमान गृह मन्त्री का भी गृह जनपद है। लेकिन शायद सिर्फ शब्दों भर में। किसी योजना, वरीयता अथवा उप्लब्धि से कोई सम्बन्ध नहीं। खैर... बगल का जनपद वाराणसी(बनारस) लगता है। जहाँ से चुन कर देश के प्रधानमन्त्री जी लोकसभा जाते हैं। यह भी आंकड़ो में ही उपयुक्त हैं।
       साथियों! विगत सप्ताह चन्दौली मुख्यालय के समीप ही बसारिकपुर गाँव में दो गुटों के बिच मारपीट हुई। अगले ही घण्टे एक पक्ष के साथ मिलकर पुलिस ने स्थानीय गाँव के दूसरे पक्ष के साथ मारपीट की। पुलिस की लाठियों ने गृहस्ती की चीजें तोड़ी। उक्त तांडव चन्दौली कोतवाल के सहमति और उपस्थिति में हुई। इसी प्रायोजित घटना में अधेड़ उम्र के एक व्यक्ति #छोटु को गम्भीर चोटें आई और वह अस्पताल में भर्ती हुआ। छोटु के परिजन व अन्य गांववासी जब प्राथमिकी दर्ज कराने कोतवाली पहुँचे तो उन्हें निराश वापस लौटना पड़ा। कुछ ही दोनों बाद छोटु अपने 14वर्ष के बेटे को छोड़कर दुनिया से चला गया।
       इस हत्या ने स्थितियाँ असामान्य कर दी थी। पुलिस ने अबतक न तक FIR किया और ना ही गिरफ्तारी। जिससे परिजनों और गांववालों ने चन्दौली कोतवाल और आरोपियों के एक ही जाति के होने को लेकर जाति-विशेष की नीति से कार्य करने का आरोप लगाया।
       बाबत इसी सम्बन्ध में दोषियों पर कार्यवाही को लेकर आज दिनांक 27दिसम्बर2017 की सुबह 11बजे चन्दौली स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर पीड़ित परिवार संग समाजवादी पार्टी के नेताओं (पूर्व सांसद चन्दौली, विधायक सकलडीहां, जिलाध्यक्ष, युथ विंग व अन्य) और कार्यकर्ताओं ने शांति-पूर्ण ढंग से धरना किया। पुलिस अधीक्षक चन्दौली के अनुपस्थिति में लगभग 5घंटे के धरने के बाद जिलाधिकारी चन्दौली मौके पर पहुँचें और आगामी 29दिसम्बर 2017 तक आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिए। बाबत स्पष्ट हो कि एक और आश्वासन प्रसाशन की ओर से समाजवादियों को उपलब्ध कराया जा चूका है। सम्भवतः यह अंतिम होगा। यदि 29दिसम्बर तक पुलिस आरोपियों की पहुँच से दूर रहती है तो क्रमिक लड़ाई जारी रहेगी। जिसके लिए सीधे तौर पर स्थानीय प्रशासन जिम्मेदार होगी।

    (2)
        इसी तरह विगत एक महीने से अलीनगर वार्ड नं.16 में आयेदिन चोरी हो रही है। पुलिस निष्क्रिय पड़ी है। मजे की बात यह है कि चोरी की वारदातों से लगभग 1किलोमीटर से भी कम दुरी पर उपजिलाधिकारी का आवास है।  रात में पुलिस हूटर रोज बजाती है और सुबह चोरी हो जाती है। हद है...

       शौर्य दिवस मनाइये। लेकिन जो जिम्मेदारी ली है। उसे पूरा करने का हुनर भी लाइए। अन्यथा हाथ खड़ा कर पीछे हो लीजिए। आपसे और आपके सम्बंधित क्षेत्र से, जो जिम्मेदारी और जवाबदेही बनती है उसके लिए आपको मुखर होना ही पड़ेगा। चाहे वह विधायिका, कार्यपालिका अथवा न्यायपालिका ही क्यों न हो। स्पष्ट हो, जनता से बड़ा कोई नहीं।

Friday, 22 December 2017

...ज़िम्मेदारी से परहेज़


       उत्तरप्रदेश की पिछली समाजवादी सरकार के कुछ बेहतरीन व सफल योजनाओं में से एक ‘समाजवादी श्रवण यात्रा’ थी। जिसके द्वारा प्रदेश के सभी धर्मों-वर्गों के बुजुर्गों को उनके धार्मिक स्थलों की मुफ्त यात्रा कराने का कार्य तत्कालीन ‘अखिलेश यादव जी’ की सरकार कर रही थी। इस यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों को मेडिकल सुविधा के साथ अन्य सुविधाएँ भी उपलब्ध कराई जाती। इस तीर्थयात्रा के माध्यम से देवभूमि, हरिद्वार, ऋषिकेश, अजमेर शरीफ, पुष्कर, रामेश्वरम और तिरुपति भेजा गया था। साथ ही सहयोग राशि के रूप में 10 हजार रुपये सिंधु दर्शन व 50 हजार रुपये मानसरोवर यात्रा से लौटने वाले तीर्थयात्रियों को दिया जाता था।
       जिसे वर्तमान की तथाकथित कट्टर हिंदूवादी, गौरक्षक, हिन्दू-संस्कृति संरक्षक, हिन्दू-धर्म रक्षक और जानें कितनी दलों-सेनाओं वाली ‘योगी सरकार’ ने अतिरिक्त खर्च का हवाला देते हुए बन्द कर दिया है। तर्कों व आधार की मानें तो IRCTC ने प्रदेश सरकार के सम्बंधित विभाग ‘धर्मार्थ कार्य विभाग’ से बजट नहीं मिलने के कारण अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर में प्रस्तावित यात्राओं पर रोक लगा दिया। जिसे बाद में सरकार ने पूर्णतः रोक दी।
       बाबत स्पष्ट हो कि ‘अखिलेश यादव जी’ की सरकार के कार्यकाल में यह योजना ‘समाजवादी श्रवण यात्रा’ के नाम से शुरू हुई थी। जिसे यूपी में सरकार बदलने के बाद इस योजना का नाम ‘मुख्यमंत्री श्रवण यात्रा’ कर दिया गया था। ‘समाजवादी’ शब्द भर से इतना परहेज? हद है..! जबकि स्पष्ट करदूं ‘समाजवाद’ कोई शब्द नहीं बल्कि ‘एक वृहद् विचार’ है।

       आदरणीय वर्तमान मुख्यमंत्री जी! अब आलम ये है कि आपकी सरकार योजनाओं के नाम पर केवल जनता के पैसे को बर्बाद करना जानती है। गोबर-गाय-मूत्र, हिन्दू-मुस्लिम आदि इससे आगे बढ़ती ही नहीं या बढ़ना ही नहीं चाहती। अब तक के कार्यकाल में सामाजिक स्तर पर योजनाओं के नाम पर आपकी और आपके सरकार की एकमात्र योजना/कानून याद आता है, जिसका मधुर नाम ‘एन्टी-रोमियों स्क्वाइड’ है। जो कुछ दिनों में ही अपनी असल स्तर तक पहुँच गया। तो ऐसी योजनाओं को भी श्रद्धांजली।
       असल बात तो यह है कि इस देश में सबसे आसान कार्य धर्म-जाति, ऊँच-नीच, काला-गोरा के नाम पर निरीह जनता को बहलाकर धार्मिक-उन्माद फैलाया जा सकता है। लेकिन ‘सामाजिक न्याय’ के क्रम में सभी जाति-धर्मों के जोड़े रखने और सभी के हीत का सोचने और हकीकत की जमीं पर करने का प्रयास केवल समाजवादी ही कर सकते हैं। जिसका उदहरण और सीख आप पिछली समाजवादी सरकार से ले सकते हैं। शायद इसी आधार पर आपके आगामी 4वर्ष औसतन इस क्रम में गुजरे।
आप सरकार में हैं। कर्म कीजिए। (केंद्र और प्रदेश दोनों ही जगह) अब बहानेबाजी की कोई गुंजाइस भी नहीं बचती। लेकिन छलावा नहीं।
धन्यवाद!
बी.डी. यादव पंकज

Sunday, 17 December 2017

हास्य कवि दिनेश ग़ुक्कज की कुछ रचनाएँ

1.
तुम पुरानी याद फिर ताजा करो ना
मुझसे झूठा फिर कोई वादा करो ना।

2.
एक ढर्रे पर कभी रहती नहीँ ।
चाहती तो हैं मगर कहती नहीँ ।

3.
कल ही बोली थी कि मै हूं आपकी
आज केँचुल छोड़ दी वो साँप सी

4.
बेवजह मुझको न यूँ उल्झाइये
दिल दिया है जाइये ले जाइये।

5.
शहर ये कितना जालिम है मोहब्बत करके तो देखो
तुम्हे जीने नही देगी मुझे मरने नही देगी।

हरिओम पंवार (इन्कलाब के गीत सुनाते जाएंगे)

इन्कलाब के गीत सुनाते जायेंगे / हरिओम पंवार

कोई रूप नहीं बदलेगा सत्ता के सिंहासन का
कोई अर्थ नहीं निकलेगा बार-बार निर्वाचन का
एक बड़ा ख़ूनी परिवर्तन होना बहुत जरुरी है
अब तो भूखे पेटों का बागी होना मजबूरी है

जागो कलम पुरोधा जागो मौसम का मजमून लिखो
चम्बल की बागी बंदूकों को ही अब कानून लिखो
हर मजहब के लम्बे-लम्बे खून सने नाखून लिखो
गलियाँ- गलियाँ बस्ती-बस्ती धुआं-गोलियां खून लिखो

हम वो कलम नहीं हैं जो बिक जाती हों दरबारों में
हम शब्दों की दीप- शिखा हैं अंधियारे चौबारों में
हम वाणी के राजदूत हैं सच पर मरने वाले हैं
डाकू को डाकू कहने की हिम्मत करने वाले हैं

जब तक भोली जनता के अधरों पर डर के ताले हैं
तब तक बनकर पांचजन्य हम हर दिन अलख जगायेंगे
बागी हैं हम इन्कलाब के गीत सुनाते जायेंगे

अगवानी हर परिवर्तन की भेंट चढ़ी बदनामी की
हमने बूढ़े जे.पी. के आँसू की भी नीलामी की
परिवर्तन की पतवारों से केवल एक निवेदन था
भूखी मानवता को रोटी देने का आवेदन था

अब भी रोज कहर के बादल फटते हैं झोपड़ियों पर
कोई संसद बहस नहीं करती भूखी अंतड़ियों पर
अब भी महलों के पहरे हैं पगडण्डी की साँसों पर
शोकसभाएं कहाँ हुई हैं मजदूरों की लाशों पर

निर्धनता का खेल देखिये कालाहांडी में जाकर
बेच रही है माँ बेटी को भूख प्यास से अकुलाकर
यहाँ बचपना और जवानी गम में रोज बुढ़ाती हैं
माँ , बेटे की लाशों पर आँचल का कफ़न उढाती है

जब तक बंद तिजोरी में मेहनतकश की आजादी है
तब तक हम हर सिंहासन को अपराधी बतलायेंगे
बाग़ी हैं हम इन्कलाब के गीत सुनाते जायेंगे

गाँधी के सपनों का सारा भारत टूटे लेता है
यहाँ चमन का माली खुद ही कलियाँ लुटे लेता है
निंदिया के आँचल में जब ये सारा जग सोता होगा
राजघाट में चुपके -चुपके तब गाँधी रोता होगा

हर चौराहे से आवाजें आती हैं संत्रासों की
पूरा देश नजर आता है मंडी ताज़ा लाशों की
सिंहासन को चला रहे हैं नैतिकता के नारों से
मदिरा की बदबू आती है संसद की दीवारों से

जन-गण-मन ये पूछ रहा है दिल्ली की दीवारों से
कब तक हम गोली खायें सरकारी पहरेदारों से
सिंहासन खुद ही शामिल है अब तो गुंडागर्दी में
संविधान के हत्यारे हैं अब सरकारी वर्दी में

जब तक लाशें पड़ी रहेंगी फुटपाथों की सर्दी में
तब तक हम अपनी कविता के अंगारे दहकायेंगे
बागी हैं हम इन्कलाब के गीत सुनाते जायेंगे

कोई भी निष्पक्ष नहीं है सब सत्ता के पण्डे हैं
आज पुलिस के हाथों में भी अत्याचारी डंडे हैं
संसद के सीने पर ख़ूनी दाग दिखाई देता है
पूरा भारत जलियांवाला बाग़ दिखाई देता है

इस आलम पर मौन लेखनी दिल को बहुत जलाती है
क्यों कवियों की खुद्दारी भी सत्ता से डर जाती है
उस कवि का मर जाना ही अच्छा है जो खुद्दार नहीं
देश जले कवि कुछ न बोले क्या वो कवि गद्दार नहीं

कलमकार का फर्ज रहा है अंधियारों से लड़ने का
राजभवन के राजमुकुट के आगे तनकर अड़ने का
लेकिन कलम लुटेरों को अब कहती है गाँधीवादी
और डाकुओं को सत्ता ने दी है ऐसी आजादी

राजमुकुट पहने बैठे हैं बर्बरता के अपराधी
हम ऐसे ताजों को अपनी ठोकर से ठुकरायेंगे
बागी हैं हम इन्कलाब के गीत सुनाते जायेंगे

बुद्धिजीवियों को ये भाषा अखबारी लग सकती है
मेरी शैली काव्य-शास्त्र की हत्यारी लग सकती है
पर जब संसद गूंगी शासन बहरा होने लगता है
और कलम की आजादी पर पहरा होने लगता है

तो अंतर आ ही जाता है शब्दों की परिभाषा में
कवि को चिल्लाना पड़ता है अंगारों की भाषा में
जब छालों की पीड़ा गाने की मजबूरी होती है
तो कविता में कला-व्यंजना ग़ैर जरुरी होती है

झोपड़ियों की चीखों का क्या कहीं आचरण होता है
मासूमो के आँसू का क्या कहीं व्याकरण होता है
वे उनके दिल के छालों की पीड़ा और बढ़ाते हैं
जो भूखे पेटों को भाषा का व्याकरण पढ़ाते हैं

जिन शब्दों की अय्याशी को पंडित गीत बताते हैं
हम ऐसे गीतों की भाषा कभी नहीं अपनाएंगे
बागी हैं हम इन्कलाब के गीत सुनाते जायेंगे

जब पूरा जीवन पीड़ा के दामन में ढल जाता है
तो सारा व्याकरण पेट की अगनी में जल जाता है
जिस दिन भूख बगावत वाली सीमा पर आ जाती है
उस दिन भूखी जनता सिंहासन को भी खा जाती है

मेरी पीढ़ी वालो जागो तरुणाई नीलाम न हो
इतिहासों के शिलालेख पर कल यौवन बदनाम न हो
अपने लोहू में नाखून डुबोने को तैयार रहो
अपने सीने पर कातिल लिखवाने को तैयार रहो

हम गाँधी की राहों से हटते हैं तो हट जाने दो
अब दो-चार भ्रष्ट नेता कटते हैं तो कट जाने दो
हम समझौतों की चादर को और नहीं अब ओढेंगे
जो माँ के आँचल को फाड़े हम वो बाजू तोड़ेंगे

अपने घर में कोई भी जयचंद नहीं अब छोड़ेंगे
हम गद्दारों को चुनकर दीवारों में चिन्वायेंगे
बागी हैं हम इन्कलाब के गीत सुनाते जायेंगे

हरिओम पंवार (मेरा राम तो मेरा हिंदुस्तान है)

मेरा राम तो मेरा हिंदुस्तान है / हरिओम पंवार

चर्चा है अख़बारों में
टी. वी. में बाजारों में
डोली, दुल्हन, कहारों में
सूरज, चंदा, तारों में
आँगन, द्वार, दिवारों में
घाटी और पठारों में
लहरों और किनारों में
भाषण-कविता-नारों में
गाँव-गली-गलियारों में
दिल्ली के दरबारों में

धीरे-धीरे भोली जनता है बलिहारी मजहब की
ऐसा ना हो देश जला दे ये चिंगारी मजहब की

मैं होता हूँ बेटा एक किसानी का
झोंपड़ियों में पाला दादी-नानी का
मेरी ताकत केवल मेरी जुबान है
मेरी कविता घायल हिंदुस्तान है

मुझको मंदिर-मस्जिद बहुत डराते हैं
ईद-दिवाली भी डर-डर कर आते हैं
पर मेरे कर में है प्याला हाला का
मैं वंशज हूँ दिनकर और निराला का

मैं बोलूँगा चाकू और त्रिशूलों पर
बोलूँगा मंदिर-मस्जिद की भूलों पर
मंदिर-मस्जिद में झगडा हो अच्छा है
जितना है उससे तगड़ा हो अच्छा है

ताकि भोली जनता इनको जान ले
धर्म के ठेकेदारों को पहचान ले
कहना है दिनमानों का
बड़े-बड़े इंसानों का
मजहब के फरमानों का
धर्मों के अरमानों का
स्वयं सवारों को खाती है ग़लत सवारी मजहब की |
ऐसा ना हो देश जला दे ये चिंगारी मजहब की ||

बाबर हमलावर था मन में गढ़ लेना
इतिहासों में लिखा है पढ़ लेना
जो तुलना करते हैं बाबर-राम की
उनकी बुद्धि है निश्चित किसी गुलाम की

राम हमारे गौरव के प्रतिमान हैं
राम हमारे भारत की पहचान हैं
राम हमारे घट-घट के भगवान् हैं
राम हमारी पूजा हैं अरमान हैं
राम हमारे अंतरमन के प्राण हैं
मंदिर-मस्जिद पूजा के सामान हैं

राम दवा हैं रोग नहीं हैं सुन लेना
राम त्याग हैं भोग नहीं हैं सुन लेना
राम दया हैं क्रोध नहीं हैं जग वालो
राम सत्य हैं शोध नहीं हैं जग वालों
राम हुआ है नाम लोकहितकारी का
रावण से लड़ने वाली खुद्दारी का

दर्पण के आगे आओ
अपने मन को समझाओ
खुद को खुदा नहीं आँको
अपने दामन में झाँको
याद करो इतिहासों को
सैंतालिस की लाशों को

जब भारत को बाँट गई थी वो लाचारी मजहब की |
ऐसा ना हो देश जला दे ये चिंगारी मजहब की ||

आग कहाँ लगती है ये किसको गम है
आँखों में कुर्सी हाथों में परचम है
मर्यादा आ गयी चिता के कंडों पर
कूंचे-कूंचे राम टंगे हैं झंडों पर
संत हुए नीलाम चुनावी हट्टी में
पीर-फ़कीर जले मजहब की भट्टी में

कोई भेद नहीं साधू-पाखण्डी में
नंगे हुए सभी वोटों की मंडी में
अब निर्वाचन निर्भर है हथकंडों पर
है फतवों का भर इमामों-पंडों पर
जो सबको भा जाये अबीर नहीं मिलता
ऐसा कोई संत कबीर नहीं मिलता

जिनके माथे पर मजहब का लेखा है
हमने उनको शहर जलाते देखा है
जब पूजा के घर में दंगा होता है
गीत-गजल छंदों का मौसम रोता है
मीर, निराला, दिनकर, मीरा रोते हैं
ग़ालिब, तुलसी, जिगर, कबीरा रोते हैं

भारत माँ के दिल में छाले पड़ते हैं
लिखते-लिखते कागज काले पड़ते हैं
राम नहीं है नारा, बस विश्वाश है
भौतिकता की नहीं, दिलों की प्यास है
राम नहीं मोहताज किसी के झंडों का
सन्यासी, साधू, संतों या पंडों का

राम नहीं मिलते ईंटों में गारा में
राम मिलें निर्धन की आँसू-धारा में
राम मिलें हैं वचन निभाती आयु को
राम मिले हैं घायल पड़े जटायु को
राम मिलेंगे अंगद वाले पाँव में
राम मिले हैं पंचवटी की छाँव में

राम मिलेंगे मर्यादा से जीने में
राम मिलेंगे बजरंगी के सीने में
राम मिले हैं वचनबद्ध वनवासों में
राम मिले हैं केवट के विश्वासों में
राम मिले अनुसुइया की मानवता को
राम मिले सीता जैसी पावनता को

राम मिले ममता की माँ कौशल्या को
राम मिले हैं पत्थर बनी आहिल्या को
राम नहीं मिलते मंदिर के फेरों में
राम मिले शबरी के झूठे बेरों में

मै भी इक सौंगंध राम की खाता हूँ
मै भी गंगाजल की कसम उठाता हूँ
मेरी भारत माँ मुझको वरदान है
मेरी पूजा है मेरा अरमान है
मेरा पूरा भारत धर्म-स्थान है
मेरा राम तो मेरा हिंदुस्तान है

दिल्ली और दिलवाले❤

(वृत्तांत: #दिल्ली_और_दिलवाले)       कई बार मैं Facebook के प्रति अत्यंत ही ऋणी महसूस करता हूँ। इसके प्रति पैमाने भले ही आभासी दुनिया की धर...